मोतिहारी , जुलाई 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को जून माह में बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में चोरी के 80 वाहन बरामद किए गए, जिनमें मोटरसाइकिलों के अलावा एक एसयूवी और एक टेम्पो (तीन पहिया वाहन) भी शामिल हैं। इस दौरान वाहन चोरी और तस्करी से जुड़े 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार, नगर थाना की पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिल और एक एसयूवी बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सुगौली थाना ने चार चोरी की बाइक के साथ तीन लोगों को पकड़ा, जबकि छतौनी थाना की पुलिस ने दो मोटरसाइकिल बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इसी अवधि में बंजरिया, भोपतपुर, पीपरा, बिजधरी, आदापुर, हरैया, दरपा, शिकारगंज और चिरैया थानों की पुलिस ने एक-एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं कोटवा, हरसिद्धि, डुमरियाघाट, संग्रामपुर, रामगढ़वा, नकरदेई और पंचपकड़ी थानों की पुलिस ने एक-एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ एक-एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

मुफस्सिल थाना की पुलिस ने छह चोरी के वाहन बरामद कर पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। लखौरा थाना ने दो वाहन बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा। महुआवा और झरोखर थाना क्षेत्रों में दो-दो मोटरसाइकिलों के साथ दो-दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। जितना थाना की पुलिस ने चार वाहन बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि छौड़ादानो थाना ने तीन वाहन बरामद कर चार आरोपियों को दबोचा। हरपुर थाना की पुलिस ने भी तीन चोरी के वाहन बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

जून माह में कल्याणपुर थाना की पुलिस ने दो वाहन बरामद किए। घोड़ासहन थाना ने दो वाहनों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गोविंदगंज थाना ने दो वाहन बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा, जबकि पहाड़पुर थाना की पुलिस ने पांच वाहन बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। रक्सौल थाना ने चार वाहन बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। ढाका थाना की पुलिस ने पांच वाहन बरामद कर तीन लोगों को पकड़ा।

पकड़ीदयाल थाना ने चार वाहन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि पताही थाना ने दो वाहनों के साथ एक आरोपी को दबोचा। कुंडवा चैनपुर थाना की पुलिस ने सबसे प्रभावी कार्रवाई करते हुए छह चोरी के वाहनों के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद वाहनों में एक चारपहिया और एक तीन पहिया वाहन भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अंतरजिला और अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोहों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित