मोतिहारी , जनवरी 26 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में एक सनकी युवक ने एकतरफा प्यार में घर में सोयी हुई युवती पर तेजाब फेंक दिया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार की देर रात खुटौना गांव में अपने घर में सोयी हुई एक युवती पर तेजाब फेंक कर एक युवक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। इस घटना में युवती का चेहरा और शरीर के कई अंग जल गए। युवती को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी चिकित्सा चल रही है।
सूत्रों ने बताया कि हमलावर युवक की पहचान युवती के चचेरे चाचा की पत्नी के भतीजा प्रियांशु कुमार के रूप में की गयी है। प्रियांशू उक्त युवती से एकतरफा प्रेम करता था।उसके प्रेम प्रस्ताव को युवती ने कई बार ठुकरा दिया था, जिससे नाराज युवक ने इस घटना को अंजाम दिया है।इस मामले में पुलिस, आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित