मोतिहारी , मई 09 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के कुण्डवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में हुए अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवारों को महज 18 घंटे के भीतर आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी है । जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर दोनों प्रभावित परिवारों को आपदा राहत कोष से 12 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश ने संवाद एजेंसी "यूनीवार्ता" को बताया कि जिलाधिकारी ने शनिवार सुबह स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
जिलाधिकारी श्री जोरवाल के आदेश के बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए सभी वैधानिक प्रक्रियाएं महज छह घंटों में पूरी कर लीं। इसके बाद सिकरहना अनुमंडलाधिकारी द्वारा दोनों परिवारों को प्रति मृतक चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड में किराना व्यवसायी राजकुमार साह के दो मासूम बच्चे 12 वर्षीय सृष्टि कुमारी और 8 वर्षीय रुद्र कुमार जिंदा जल गए थे। वहीं झरोखर थाना क्षेत्र के भंगहा निवासी 28 वर्षीय पिंटू कुमार सिंह की भी आग में झुलसकर मौत हो गई। घटना में राजकुमार साह गंभीर रूप से झुलस गये हैं। आग की लपटों में उनका मकान और किराना दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित