मोतिहारी , जून 24 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिला स्थित पुलिस केन्द्र, मोतिहारी में बुधवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड एवं दीक्षांत समारोह में 552 प्रशिक्षु आरक्षियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर बिहार पुलिस की गौरवशाली वर्दी धारण की। इस अवसर पर अनुशासन, देशभक्ति और जनसेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सुबह 7:30 बजे शुरू हुए समारोह में चम्पारण प्रक्षेत्र, बेतिया के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी)हरिकिशोर राय ने परेड की सलामी ली तथा प्रशिक्षु आरक्षियों की आकर्षक एवं अनुशासित प्रस्तुति का निरीक्षण किया। परेड के दौरान प्रशिक्षुओं के सधे कदम और एकरूपता ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी हरिकिशोर राय ने कहा कि वर्दी केवल परिधान नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, कानून के सम्मान और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने नवआरक्षियों से ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और मानवता को कभी नहीं छोड़ना चाहिए तथा जनता की सेवा ही पुलिसकर्मी का सर्वोच्च धर्म है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सौरव सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के अभिभावक उपस्थित थे । अपने बच्चों को पुलिस वर्दी में देखकर कई अभिभावकों की आंखें खुशी और गर्व से नम हो गईं।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने नवआरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निष्पक्षता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत संबंध ही बेहतर समाज की आधारशिला है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत बनाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित