मोतिहारी , अप्रैल 12 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में हुए जहरीली शराब कांड के मामले में विशेष जांच दल ( एसआईटी )ने जहरीली स्प्रिट की आपूर्ति करने वाली कंपनी के मालिक सतीश चंद्र चौधरी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि इस मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ था कि "एसएस केमिकल्स" नामक कंपनी के माध्यम से अत्यंत खतरनाक और जहरीली मिथाइल अल्कोहल (मेथनॉल) की आपूर्ति की गई थी। इसी कड़ी में एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए कंपनी के मालिक सतीश चंद्र चौधरी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ने ही उक्त जहरीली स्प्रिट की खेप शराब कारोबारी लवकुश यादव को उपलब्ध कराई थी, जिसके बाद इस घातक रसायन का उपयोग अवैध शराब निर्माण में किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस जहरीली स्प्रिट से बनी शराब के सेवन से जिले के रघुनाथपुर एवं तुरकौलिया थाना क्षेत्र में 33 लोग चपेट में आए, जिनमें से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जहरीली स्प्रिट का यह नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर फैला हुआ है, इसमें और किन-किन लोगों की संलिप्तता है, तथा क्या इस कारोबार के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित