मोतिहारी , अप्रैल 16 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात एक सड़क दुर्घटना में दो सहोदर भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के रामवन तरबियत पंचायत वार्ड संख्या-1 निवासी दो सगे भाइयों राहुल कुमार (20) और अनिकेत कुमार (18) के रूप में की गई है। वहीं मृतकों के चचेरे भाई घायल गोलू कुमार (18) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक बुधवार की शाम करीब पांच बजे अपने घर से पताही क्षेत्र में आयोजित फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान पताही थाना क्षेत्र के रूपनी लवगी देवी मंदिर के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई।
थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि हादसे के समय तीनों युवक बिना हेलमेट के थे और बाइक की गति तेज थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित