मोतिहारी , जून 08 -- बिहार में पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित पकड़ी दीक्षित गांव में सोमवार को वर्षों पुराने भूमि विवाद की वजह से हुए हिंसक झडप में धारदार हथियार के वार से एक महिला का दाहिना हाथ कट कर शरीर से अलग हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के रणजीत पांडेय और रमेश कुमार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। सोमवार की शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया और एक पक्ष की महिला कैलाशी देवी का इस दौरान दाहिना हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया तथा सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने कैलाशी देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित