मोतिहारी , मई 31 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के फुलतकिया गांव में सोमवार की सुबह एक युवक का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटका हुआ मिला है।
इस मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फुलतकिया स्कूल के समीप स्थित एक आम के बगीचे में पेड़ से लटका हुआ युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान फुलतकिया गांव निवासी अमर पासवान के 24 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार सन्नी शनिवार की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव बगीचे में पेड़ से लटका हुआ देखा और इसकी सूचना परिवार तथा पुलिस को दी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक के पिता अमर पासवान ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलने पर केसरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अंचल इंस्पेक्टर निक्कू कुमार और थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को जांच में लगाया है। टीम घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच कर रही है।
घटना को गांव में प्रेम प्रसंग और जमीन विवाद समेत विभिन्न संभावित कारणों से जोड़ा जा रहा है, लेकिन कोई भी कारण स्पस्ट नही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित