मोतिहारी , जून 19 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त कार्रवाई में विभिन्न आर्केस्ट्रा संचालकों के चंगुल से 23 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है।
इस मामले में तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में संचालित कुछ आर्केस्ट्रा दलों में नाबालिग लड़कियों से काम कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर बाल संरक्षण इकाई और स्थानीय पुलिस ने गुरुवार देर रात अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान 23 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया। उन्होंने कहा कि सभी बच्चियों की उम्र 18 वर्ष से कम है और प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि उनसे जबरन आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को हिरासत में लिया गया है।
श्री कुमार ने बताया कि सभी बच्चियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी तथा परिजनों से संपर्क कर घर वापसी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परिजनों का पता नहीं चलने की स्थिति में उन्हें बालिका गृह में रखा जाएगा।
पुलिस हिरासत में लिए गए संचालकों से पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लड़कियों को दूसरे राज्यों से लाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित