बेंगलुरु , अगस्त 30 -- मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार (तीन-तीन विकेट) तथा मोहम्मद शमी और कुनैन क़ुरैशी (दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर पूर्वी क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में रविवार को स्टंप्स के समय मध्य क्षेत्र की पारी को 266 रनों के स्कोर पर समेट दिया।

आज यहां पूर्वी क्षेत्र ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मध्य क्षेत्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 36 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। अमन मोखाड़े (आठ), कुणाल चंदेला (छह) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान रजत पाटीदार ने सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 27वें ओवर में मुकेश कुमार ने रजत पाटीदार (12) रन को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।

40वें ओवर में मुकेश कुमार ने आर्यन जुयाल को आउट किया। जुयाल ने 113 गेंदों में छह चौके लगाते हुए (46) रन बनाये। रिंकू सिंह ने 88 गेंदों में आठ चौकों की मदद से सर्वाधिक (60) रनों की पारी खेली। यश राठौर (27) और हर्ष दुबे (27) रन बनाकर आउट हुये। सारांश जैन (13) और अरशद खान (एक) रन बनाकर आउट हुये। 81वें ओवर की पहली गेंद पर अभिजीत सरकार ने आर्यन पांडे (22) रन को आउट कर 266 रनों के स्कोर पर मध्य क्षेत्र की पारी का अंत किया। यश ठाकुर 25 गेंदों में (30) रन बनकर नाबाद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित