लखनऊ , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम में विशेष बदलाव के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 24 जून तक कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा या बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि इसके बाद अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा सोमवार को जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22, 23 और 24 जून को कहीं-कहीं वर्षा एवं गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके बाद 25 से 28 जून तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 और 23 जून को कहीं-कहीं वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 24 से 26 जून तक मौसम शुष्क रह सकता है, जबकि 27 और 28 जून को एक बार फिर कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अगले पांच दिनों तक उष्ण लहर (लू) की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 22 जून को कहीं-कहीं तथा 23 से 25 जून के बीच कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है। 26 जून को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में उष्ण लहर का प्रभाव बना रह सकता है। हालांकि 27 और 28 जून के लिए किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए पूरे सप्ताह कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभाग ने लोगों से गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित