लखनऊ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज मिलाजुला बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बारिश एवं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
राजधानी लखनऊ में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है।
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा वाराणसी (बीएचयू) में 42.8 डिग्री, चुरक में 42.0 डिग्री, झांसी में 42.0 डिग्री तथा कानपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रयागराज में 4.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अधिकांश जनपदों में वर्षा नहीं हुई। कुछ स्थानों पर केवल नाममात्र की वर्षा (ट्रेस) दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को विशेषकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित