लखनऊ , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में खास कर पूरब के कई इलाकों में बुधवार को आंधी तूफान ने जम कर कहर बरपाया जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम जनित हादसों में कम से कम दस लोगों की मृत्यु होने की सूचना है जबकि कई अन्य घायल हुये हैं।

मौसम विज्ञान ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की थी। विभाग ने कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी।

प्रयागराज,भदोही, प्रतापगढ़,सीतापुर और बहराइच समेत कई जिलों में आंधी से कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गये वहीं कई कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा। वर्षाजनित हादसों में अलग अलग इलाकों में दस लोगों की मृत्यु हो गयी। आंधी बारिश से आम की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। मौसम के मिजाज से हालांकि चिलचिलाती गर्मी से फौरी राहत मिली है।

प्रयागराज से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस से लोग बेहाल रहे, तापमान 44,4 डिग्री होने से लोगो को काफी परेशानी हुई। लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं, और देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और मौसम सुहाना हो गया। करीब 30 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

फतेहपुर जिले में बुधवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने जमकर कहर ढाया। तेज तूफान के चलते एक मकान गिर गया जिसके मलबे में दब कर एक महिला की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में एक कच्चा मकान गिरने से शिवांश (8) , सिया कली (55), कल्पना देवी (25) , श्रीदेवी तथा अनारकली (40) मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने सिया कली को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।

सीतापुर जिले में बुधवार दोपहर बाद आई तेज आंधी और वर्षा के दौरान आम का पेड़ गिरने से एक युवक की दबकर मौत हो गई। थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के राजपुर खुर्द गांव निवासी राहुल (18) गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में पशुओं को घर वापस ला रहा था। इसी दौरान तेज आंधी के चलते आम का एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रतापगढ़ जिले मे बुधवार शाम अन्तू क्षेत्र के छतरपुर शिवाला गांव मे बिजली गिरने से अधेड़ लाल बहादुर वर्मा की मौत हो गयी वह जंगल में जानवर चरा रहा था। कानपुर में शाम लगभग तीन बजे तेज रफ्तार हवाओं के साथ बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया और प्रचंड गर्मी से लोगों को कुछ समय के लिये राहत मिली।

भदोही में आंधी बारिश के कारण हुये हादसों में कम से कम छह लोगों के मरने की सूचना है। आंधी बारिश से कई क्षेत्रों में गुल हुयी बिजली देर रात तक नहीं आयी थी। मौसम के कारण कई इलाको में इंटरनेट सेवायें भी प्रभावित हुयी हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम के शुष्क रहने तथा तापमान में लगातार वृद्धि होने के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में एक बार फिर लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार निचले क्षोभमंडल में प्रदेश के पश्चिमोत्तर भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं की मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं के साथ प्रतिक्रिया के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार की आंधी तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की झोंकेदार हवाएं चलीं।

हालांकि आंधी और वर्षा के बावजूद प्रदेश के अनेक हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड क्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बांदा में सर्वाधिक 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि झांसी में 44.5 डिग्री और प्रयागराज में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित