जौनपुर , अगस्त 25 -- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने पूर्व कुलपति प्रो. वंदना सिंह से कार्यभार संभाला। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

प्रो. राकेश कुमार सिंह सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और उच्च शिक्षा प्रशासन में कुलसचिव, परीक्षा संबंधी दायित्व, छात्र कल्याण तथा योजना एवं विकास जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वह इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय से पूर्वांचल विश्वविद्यालय आए हैं।

पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति ने कहा कि उनका लक्ष्य पूर्वांचल विश्वविद्यालय को तकनीक-सक्षम, पारदर्शी, जवाबदेह और विद्यार्थी-केंद्रित उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करना है। पढ़ाई, परीक्षा, परिणाम, प्रवेश, शोध, छात्र सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यों को अधिक सुगम बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय पूर्वांचल क्षेत्र में उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए शोध और नवाचार को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। शोध को प्रोत्साहन देने और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मजबूत डिजिटल प्रशासनिक ढांचा विकसित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित