देवरिया , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एम्बुलेंस दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु की सूचना पर यहां जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया।
इस दौरान जिलाधिकारी हुलगी मृतकों के परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए ईश्वर से दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। गौरतलब है कि देवरिया जिले के रूद्रपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम गहिला दुधैला निवासी सत्यवान सिंह पुत्र जयसिंह सेना में सूबेदार के पद पर कार्यरत थे, जिनकी मृत्यु 01 अक्टूबर को चंडीगढ़ कमांड अस्पताल में हुई थी। उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से पैतृक गांव लाया जा रहा था। इसी दौरान आज सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जनपद सुल्तानपुर के थाना हलियापुर क्षेत्र अंतर्गत जरई कला गांव के पास एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक जशपाल (45), मृतक के भाई रामसमुझ (55), मृतक के पुत्र गौरव सिंह (18) निवासी गहिला दुधैला तथा राजन चौधरी (32) निवासी भरटोला वार्ड रुद्रपुर की मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित