जम्मू , अगस्त 27 -- जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने केंद्र शासित प्रदेश में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में कांग्रेस के शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है और स्पष्ट किया है कि जब तक राज्य का दर्जा बहाल नहीं हो जाता, तब तक सरकार में शामिल न होने का पार्टी का सैद्धांतिक रुख बरकरार रहेगा।

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रियासी में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए श्री कर्रा ने कहा कि महज सरकार में शामिल होने के लिए कांग्रेस अपने सैद्धांतिक रुख और जनता के संवैधानिक अधिकारों की मांग से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राज्य की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार की स्थिरता को प्रभावित करने का प्रयास करेगी, तो कांग्रेस सरकार के समर्थन में मजबूती से खड़ी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित