पूर्णियाँ , अगस्त 08 -- पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने शनिवार को कहा कि कोशी क्षेत्र में नदियों के जलस्तर बढ़ने के बावजूद अभी बाढ़ की स्थिति नही है और आपदा के हालात बने तो प्रशासन उससे निपटने के लिए तैयार है।

वर्तमान में इस क्षेत्र में कोसी, महानन्दा, कनकई और परमान नदियाँ हालांकि अभी उफान पर नहीं है, लेकिन लगातार होरही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में कई जगहों पर वर्तमान में कटाव कि समस्या बढ़ रही है।

जिलापदाधिकारी श्री कुमार कटाव और बाढ़ प्रभावित इलाकों का लगातार दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम मेंआज जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों ने रुपौली अंचल के भौवा प्रबल पंचायत अंतर्गत अन्झरी गाँव का स्थलीय दौरा कर बाढ़ पूर्व तैयारियों एवं जलस्तर का विस्तृत निरीक्षण किया ।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्षेत्र में वर्तमान में जलस्तर पूरी तरह सामान्य है और बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जल स्तर में कमी बतायी गयी।

वहीं जिलाधिकारी ने संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन को अलर्ट मोड पर तैयार रहने के लिए कहा है। निरीक्षण के दौरान बाढ़ की स्थिति में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रखण्ड पशुपालन पदाधिकारी को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित