पूर्णियाँ, जुलाई 11 -- पूर्णिया राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में विदेश से एमबीबीएस कर लौटे अभ्यर्थियों की इंटर्नशिप के लिए दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान कथित फर्जी डिग्री मामले में एक अभ्यर्थी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की ओर से विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर लौटे 100 अभ्यर्थियों की सूची इंटर्नशिप के लिए पूर्णिया जीएमसीएच को भेजी गई थी। सभी अभ्यर्थियों ने अपने शैक्षणिक दस्तावेज कॉलेज प्रशासन के समक्ष जमा किए। इसके बाद जीएमसीएच ने अपने स्तर पर सभी प्रमाणपत्रों का दोबारा सत्यापन शुरू किया।
जीएमसीएच के प्राचार्य ने बताया कि जांच के दौरान कजाकिस्तान से एमबीबीएस की डिग्री होने का दावा करने वाले रोहतास जिले के निवासी अभ्यार्थी मोहम्मद अदनान के दस्तावेजों में संदेह उत्पन्न हुआ। जब उनकी मार्कशीट पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन किया गया तो उसमें किसी अन्य व्यक्ति का विवरण सामने आया। प्रारंभिक जांच में यह क्यूआर कोड दीक्षित आनंद नामक व्यक्ति के नाम से दर्ज मिला, जो एक स्टॉक ब्रोकर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित