पटना , मई 14 -- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने इस वर्ष वर्षा ऋतु में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है।
चालू वित्तीय वर्ष में पौधारोपण करने के लिए राज्यभर में व्यापक अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विभाग ने इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, मनरेगा योजना, जीविका दीदी के सहयोग से इस लक्ष्य को प्राप्त करने की कार्ययोजना तैयार की है। यह अभियान जुलाई महीने के पहले सप्ताह से शुरू होकर पूरे वर्षाकाल तक जारी रहेगा।
इसके तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से बरगद, पीपल, बकैन, सेमल, अर्जुन, कदंब, सागवान, महोगनी, छतवन, कटहल और बीजू आम समेत कई उपयोगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे लगाए जाएंगे। विभाग का मानना है कि इन पौधों से हरियाली बढ़ेगी और जैव विविधता संरक्षण और जलवायु संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।
इस योजना के अनुसार कुल 81 लाख 59 हजार 900 पौधे सीधे विभाग के स्तर से लगाए जाएंगे। वहीं कैम्पा योजना के माध्यम से 14 लाख 24 हजार 300 पौधे रोपे जाएंगे। कृषि वानिकी योजना के अंतर्गत 59 लाख तथा जीविका दीदियों के माध्यम से 97 लाख 92 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से 08 लाख 43 हजार पौधे लगाने की योजना है।
इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विभाग विभिन्न हितधारकों की सहायता भी लेगा। स्कूल, कॉलेज, वक्फ बोर्ड, स्थानीय एनजीओ और अन्य संस्थानों को भी पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही आम लोगों के बीच मुफ्त पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक लोगों को इस हरित अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित