भुवनेश्वर , जुलाई 06 -- उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में रहने वाले सिख समुदाय की टनकपुर के सभा साहिब और महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित हजूर साहिब को रेल सम्पर्क से जोड़ने की लंबे समय से चली आ रही मांग सोमवार को पूरी हो गयी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को यहां आयोजित समारोह के दौरान उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में चम्पावत जिले के टनकपुर से महाराष्ट्र में नांदेड़ तक चलने वाली टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एक सप्ताहिक ट्रेन है। इस मौके पर श्री वैष्णव ने कहा, "आज देवभूमि उत्तराखंड के टनकपुर से हजूर साहिब नांदेड़ तक एक नयी ट्रेन सेवा शुरू की गयी है।

केंद्रीय मंत्रियों रवनीत सिंह बिट्टू, जितिन प्रसाद और अजय टम्टा ने लगातार यह मांग उठायी थी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस सेवा की मांग की थी।" उन्होंने कहा कि यह ट्रेन उत्तराखंड के तराई क्षेत्र में रहने वाले सिख भाई-बहनों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

रेल राज्य मंत्री बिट्टू ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "आज उत्तराखंड के टनकपुर में नयी साप्ताहिक टनकपुर-श्री नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह ऐतिहासिक ट्रेन सचखंड श्री हजूर साहिब के साथ तराई क्षेत्र के नानक नाम लेवा संगत के आध्यात्मिक बंधन को मजबूत करेगी, जिससे तीर्थयात्रा अधिक सुविधाजनक और सुलभ हो जाएगी। मैं नानक नाम लेवा संगत की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।"उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक ट्रेन तराई क्षेत्र की 'नानक नाम लेवा संगत' और सचखंड श्री हजूर साहिब के बीच आध्यात्मिक जुड़ाव को मज़बूत करेगी, जिससे तीर्थयात्रा और भी सुविधाजनक और सुलभ हो जाएगी।

रेलवे के अनुसार 17631 नंबर की नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक रविवार रात 11:40 बजे नांदेड़ से रवाना होगी। यह ट्रेन पूर्णा, अकोला, खंडवा, इटारसी, बीना, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत और खटीमा होते हुए मंगलवार सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी। 17632 नंबर ह ट्रेन हर मंगलवार सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होगी और बुधवार शाम 4:30 बजे श्री नांदेड़ साहिब पहुँचेगी, जिससे इस पवित्र यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को एक सीधा और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। इस मौके पर श्री बिट्टू टनकपुर स्टेशन पर आयोजित समारोह में मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित