पटना , फरवरी 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के संयोजक प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने रविवार को कहा कि एक ऐसे समय जब पूरा विश्व भारत में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंपैक्ट समिट की तारीफ कर रहा है, कांग्रेस का विरोध राष्ट्रहित के विरुद्ध है।

श्री चंद्रवंशी ने मिडिया से बयान जारी कर कहा कि देश में विश्व के कोने कोने से आए मेहमानों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने अपने व्यवहार से देश की छवि को ठेस पहुंचाने का काम किया है।

भाजपा नेता श्री चंद्रवंशी के नेतृत्व में आज कार्यकर्ताओं का एक जुलूस राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट का विरोध करने वाली कांग्रेस के खिलाफ नारे लगते हुए पार्टी के पटना प्रदेश कार्यालय से इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंचा और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला भी दहन किया।

भाजपा नेता ने कहा कि विश्व के विभिन्न देशों के राष्ट्र प्रतिनिधियों की उपस्थिति में भारत में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के विरोध में कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में आज पूरे बिहार के लगभग 38 जिलों में भारतीय जनता पार्टी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

श्री चंद्रवंशी ने कहा कि एआई के उपयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सुधार संभव है। इसके माध्यम से हम अपनी सांस्कृतिक विरासत, पौराणिक इतिहास एवं भारतीय मूल्यों को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं तथा आधुनिक व्यवस्था के साथ अपनी संस्कृति को आत्मसात कर देश को और अधिक सशक्त बना सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित