जयपुर , जून 08 -- राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य सभा प्रत्याशी डॉ सतीश पूनियां ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया है।

डॉ पूनियां ने रविवार को जयपुर में विधानसभा भवन में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र भरने के बाद कहा कि उन्हें आज वीर भूमि राजस्थान से राज्यसभा सदस्य के रूप में नामांकन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और वह श्री मोदी, श्री शाह एवं श्री नवीन का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान से 21 जून को रिक्त होने वाली राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में भाजपा ने डॉ पूनियां और पार्टी की महासचिव डॉ अलका गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस चुनाव में चौथा कोई उम्मीदवार नहीं होने से इन दोनों उम्मीदवारों एवं कांग्रेस के उम्मीदवार नीरज डांगी का निर्विरोध निर्वाचन तय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित