सहारनपुर , जून 3 -- सहारनपुर जिले के नकुड़ कोतवाली क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे में व्यापारी संजय मित्तल की पत्नी पूनम मित्तल (59) की नृशंस हत्या के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिलने पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि एक जून को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने संजय मित्तल के घर में घुसकर उनकी पत्नी पूनम मित्तल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी थी। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, भाजपा सांसद चौधरी कीरत सिंह, पूर्व विधायक संजय गर्ग, पूर्व विधायक मसूद अख्तर तथा नकुड़ नगरपालिका अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने मामले की जांच के लिए एसओजी समेत पुलिस की पांच टीमों का गठन किया है। वह स्वयं भी जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक रूचि गुप्ता, अशोक शिशोदिया तथा थाना प्रभारी देवेश शर्मा सहित कई अधिकारी लगातार मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए। जिन कैमरों की फुटेज उपलब्ध हुई, उनमें कोई स्पष्ट संदिग्ध गतिविधि दिखाई नहीं दी। जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि घटना में दो या उससे अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों का उद्देश्य लूटपाट हो सकता है। जिस कमरे में पूनम मित्तल का शव मिला, वहां रखी दो अलमारियां खुली मिलीं और उन्हें खंगाला गया था। बदमाश उनके कानों के कुंडल भी लेकर फरार हो गए। हालांकि घर के अन्य हिस्सों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं मिली।

पुलिस का मानना है कि पूनम मित्तल घर में अकेली थीं और संभवतः उन्होंने बदमाशों को पहचान लिया होगा। अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिलने से यह आशंका भी व्यक्त की जा रही है कि वारदात से पहले उन्हें बेहोश किया गया हो सकता है।

मृतका के पति संजय मित्तल ने पुलिस को बताया कि दोपहर में उनका नौकर घर पर भोजन पहुंचाकर गया था। शाम करीब चार बजे उन्हें पत्नी के मोबाइल फोन से कॉल आई, लेकिन दूसरी ओर से कोई स्पष्ट बात नहीं हो सकी। कुछ मिनट बाद दोबारा कॉल आने पर वह तत्काल घर पहुंचे, जहां उन्होंने पत्नी को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामला ब्लाइंड मर्डर प्रतीत हो रहा है, लेकिन उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और उन्हें उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित