बारां , सितम्बर 02 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर बारां जिला कांग्रेस समितिने चुनावी तैयारियां तेज करते हुए बुधवार को अस्पताल रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में कांग्रेस के प्रधान चुनाव कार्यालय का पूजा-अर्चना के साथ विधिवत शुभारम्भ किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा, पूर्व विधायक बारां-अटरू पानाचन्द मेघवाल एवं नगर अध्यक्ष प्रशान्त भारद्वाज ने कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कार्यालय का शुभारम्भ किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि निकाय चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं। कार्यकर्ता पूरी एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे।
पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस शहर के विकास और आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। सड़क, पेयजल, सफाई, नाली-सीवरेज, रोशनी और यातायात जैसी समस्याओं का समाधान कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनाव में पार्टी की जीत के लिए एकजुट होकर पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित