लखनऊ , फरवरी 01 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्रीय बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों को तोड़ने वाला और पूरी तरह दिशाहीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, चिकित्सा और रोज़गार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार ने जनता को निराश किया है।
रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अजय राय ने कहा कि मध्यम वर्ग और गरीबों को राहत देने के बजाय यह बजट चंद पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने वाला "पूंजीवादी बजट" है। महँगाई और बेरोज़गारी से जूझ रहे युवाओं, किसानों और आम परिवारों के लिए इसमें कोई ठोस राहत दिखाई नहीं देती।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं से कटी हुई भारतीय जनता पार्टी सरकार का यह असली चेहरा है। गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में अपना लगातार नौवां बजट पेश किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीतारमण के लगभग 85 मिनट के बजट भाषण को 'ऐतिहासिक और भविष्योन्मुखी' बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित