छिंदवाड़ा , अगस्त 26 -- फिल्म 'पुष्पा' की तर्ज पर कंटेनर में गुप्त तहखाना बनाकर गांजे की तस्करी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के सिंगोड़ी-अमरवाड़ा मार्ग पर स्पेशल पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह उड़ीसा से झांसी जा रहे मॉडिफाइड कंटेनर को पकड़ा। कंटेनर से तीन क्विंटल से अधिक गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 60 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है। पुलिस ने कंटेनर को एस्कॉर्ट कर रही स्कॉर्पियो को भी रोककर दोनों वाहनों से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार तस्करों ने कंटेनर को इस तरह से मॉडिफाइड किया था कि बाहर से देखने पर उसके अंदर कोई सामान दिखाई नहीं देता था। पीछे के दरवाजे से कंटेनर का हिस्सा पूरी तरह खाली नजर आ रहा था। पुलिस टीम ने केबिन और कंटेनर के अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की तो एक खुफिया दरवाजा मिला। दरवाजा खोलने पर अंदर गांजे से भरी बोरियां बरामद हुईं। पुलिस द्वारा गांजे का तौल और जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय को मिले इनपुट के आधार पर विशेष टीम गठित की गई थी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे टीम ने सिंगोड़ी-अमरवाड़ा मार्ग पर संदिग्ध कंटेनर को रोका। उसके आगे चल रही स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने रोक लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि स्कॉर्पियो सवार लोग कंटेनर के लिए रास्ता साफ करने और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहे थे। दोनों वाहनों की तलाशी में एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और कुछ नकदी भी बरामद होने की जानकारी है। पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अब उड़ीसा से झांसी जा रही गांजे की इस खेप के छिंदवाड़ा कनेक्शन की जांच कर रही है। तस्करी के पूरे नेटवर्क, गांजे की सप्लाई और आरोपियों के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कंटेनर में गुप्त तहखाना कब और कहां तैयार कराया गया था तथा इससे पहले कितनी बार इस तरीके से मादक पदार्थ की तस्करी की गई है। पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद मामले में बड़े नेटवर्क के सामने आने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित