अजमेर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में अजमेर के निकट तीर्थराज पुष्कर में अन्तरराष्ट्रीय पुष्कर मेला कार्यक्रम का मंगलवार को जिला प्रशासन ने आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया।

श्री पुष्कर मेला - 2026 के लिए कार्यक्रम पोस्टर का मंगलवार को जिला कलेक्टर लोकबन्धु ने विमोचन किया।

श्री लोकबन्धु ने बताया कि इस वर्ष मेले के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और व्यवस्थाओं के आधिकारिक कार्यक्रम और पोस्टर का विमोचन किया गया है। इसके तहत विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले का भव्य आयोजन 10 नवंबर से 26 नवंबर तक किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की गतिविधि मंगलवार 17 नवम्बर को झंडारोहण से शुरू हो कर 24 नवम्बर तक रहेगी। मेला अवधि कार्तिक शुक्ल एकम् 10 नवंबर से शुरू होकर मार्गशीर्ष कृष्ण द्वितीया 26 नवंबर तक रहेगी।

उन्होंने जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार 17 नवम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे मेला मैदान में पूजा, ध्वजारोहण एवं नगाड़ा वादन के साथ मेले का शुभारम्भ होगा। इसके पश्चात स्कूली छात्राओं द्वारा मांडना प्रतियोगिता और समूह नृत्य का आयोजन किया जायेगा। चक दे राजस्थान फुटबॉल मैच स्थानीय बनाम विदेशियों के मध्य होगा। सायं छह बजे पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान, रंगोली, पुष्कर की महाआरती एवं पुष्कर सरोवर घाटों पर अभिषेक होगा।

श्री लोकबन्धु ने बताया कि मेला मैदान मंच में पुष्कर की आवाज के तहत स्थानीय कलाकारों द्वारा सायं 6.30 बजे प्रस्तुतियाँ दी जायेगी। सायं सात बजे राजस्थानी लोक कलाकारों और विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ मेला मैदान में प्रस्तुत की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित