अजमेर , मार्च 01, -- राजस्थान के अजमेर में विश्व प्रसिद्ध तीर्थगुरु पुष्करराज की पावन धरा पर आगामी आठ मार्च से 19 अप्रैल तक 43 दिवसीय शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जायेगा जिसमें देशभर के लाखों श्रद्धालु भाग लेंगे।

शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ समिति के मुख्य संयोजक सुशील ओझा एवं अध्यक्ष राधेश्याम गुरुजी ने बताया कि हरिद्वार में महानिर्माणी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर महाराज के सान्निध्य में आयोजित होगा जिसका शुभारंभ आठ मार्च को अपराह्न चार बजे भव्य शोभायात्रा से होगा जिसमें सैकड़ों महिलाएं ब्रह्म घाट से जल कलश लेकर पुष्कर के मुख्य बाजार से होते हुए यज्ञस्थल तक पहुंचेंगी। वैदिक मंत्र, शंखध्वनि और मंगलगीतों से संपूर्ण नगर आध्यात्मिक आभा में आलोकित होगा।

उन्होंने बताया कि महायज्ञ में दो हजार त्रिकाल संध्या करने वाले विद्वान पंडित 24 करोड़ गायत्री मंत्रों का जप करेंगे। इस आयोजन में देशभर के संत-महात्मा भाग लेंगे । प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के भोजन के लिए छह विशाल भोजनशालाएं, आठ से दस हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित