देहरादून/पौड़ी , मई 02 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत सतपुली में शनिवार सुबह एक पुल से लटकी मिली युवक की लाश मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) करेंगें। युवक अपनी ससुराल आया हुआ था।
आज सुबह उसकी लाश पुल से लटकी मिलने पर इसे प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बताया गया।
इस प्रकरण में एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि शुक्रवार को मृतक पंकज कुमार द्वारा शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए एक स्थानीय चिकित्सक को टक्कर मार दी गई थी। जिससे चिकित्सक घायल हो गए तथा स्वयं मृतक भी वाहन से गिरकर चोटिल हुआ था।
पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। जिसमें युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि युवक द्वारा शराब के नशे में मोटर साइकिल चलाए जाने के कारण उक्त मृतक पंकज कुमार की मोटरसाइकिल को नियमानुसार सीज किया गया। तत्पश्चात मृतक के परिजनों माता एवं चाचा को थाने पर बुलाकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। उन्होंने बताया कि घटना में घायल चिकित्सक और युवक का आपसी समझौता होने पर दोनों पक्षों द्वारा किसी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई की इच्छा व्यक्त नहीं की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित