कडपा , अप्रैल 11 -- आंध्र प्रदेश में पुलिस ने शनिवार तड़के मोईदुकुर शहर के बाहरी इलाके में हत्या के आरोपी आवुला वेंकटेश पर उस समय गोलियां चलाईं जब वह पुलिस हिरासत से भागने का कोशिश कर रहा था। गोली लगने से उसके दोनों पैर जख्मी हो गये।

उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। आवुला पुलिस वाहन से कूदकर भाग निकलने की कोशिश कर रहा था और उसने पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया था।

पुलिस ने शनिवार को यहां मीडिया को बताया कि वेंकटेश (19) ने शुक्रवार को खाजीपेट में एक नाबालिग लड़की, एलुरु रामकीर्तना (17) की उस समय हत्या कर दी थी, जब उसने उसके विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। पुलिस को संदेह था कि कोई उग्र भीड़ पुलिस स्टेशन पर हमला कर सकती है, इसलिए उसे खाजीपेट से बदवेल पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा था।

जब पुलिस का वाहन बसापुरम जांच चौकी पर पहुंचा और वाहन की गति धीमी हुई, तो आरोपी वेंकटेश गाड़ी से कूद गया और भागने लगा। जब पुलिस उसके पास पहुंची, तो उसने उन पर हमला कर दिया, जिससे दो आरक्षक घायल हो गये। निरीक्षक वंशधर ने उसे रुकने के लिए कहते हुए हवा में गोली चलाई, लेकिन वह भागता रहा।

इसके बाद निरीक्षक वंशधर ने आरोपी पर तीन गोलियां चलाईं। दो गोलियां उसके पैरों के पार निकल गईं और वह वहीं गिर गया। उसे रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित