बैतूल , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से फरार हुए चोरी के आरोपी का करीब एक माह बाद भी पता नहीं चल सका है। मामले में थाना प्रभारी की मौजूदगी और थाने के रोजनामचे में दर्ज समय को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले का रिकॉर्ड तलब कर निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी के प्रकरण क्रमांक 111/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(2), 331(4) और 3(5) के तहत गिरफ्तार आरोपी रामगोपाल पिता हीरालाल 23 सितंबर को सुबह करीब 9.15 बजे पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। रोजनामचे में दर्ज विवरण के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए बाहर निकाला जा रहा था, तभी वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया। घटना के 29 दिन बाद भी आरोपी का पता नहीं चला है और उस पर इनाम घोषित नहीं किया गया है।
मामले में थाना प्रभारी सरविंद धुर्वे की घटना के समय मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। रोजनामचे में थाना प्रभारी ने घटना के समय ग्राम देसली में सेवा संकल्प यात्रा की ड्यूटी पर होने का उल्लेख किया है, जबकि उसी रोजनामचे में यात्रा के गांव पहुंचने का समय दोपहर 3.16 बजे दर्ज बताया गया है। इस समय संबंधी अंतर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कुछ सूत्रों ने दावा किया है कि आरोपी के फरार होने के समय थाना प्रभारी थाने में ही मौजूद थे। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारी सरविंद धुर्वे ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और कई स्थानों पर दबिश दी गई है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आरोपी पर अब तक इनाम घोषित नहीं किया गया है।
बैतूल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने थाने से पूरे घटनाक्रम का विवरण और संबंधित रिकॉर्ड तलब किया है। मामले में रोजनामचे की प्रविष्टियों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित