महासमुंद , अक्टूबर 21 -- देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आज श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परसदा स्थित रक्षित निरीक्षक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने शहीद जवानों को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में जिला पुलिस बल और 20वीं वाहिनी के जवानों द्वारा शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने बीते एक वर्ष में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। तत्पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा शहीद जवानों के परिजनों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित