हरिद्वार , जून, 16 -- सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था में बाधा डालने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के मामले में कनखल पुलिस ने ऑडी कार सवार तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मंगलवार को जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 14 जून को वीकेंड और सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के मद्देनजर हरिद्वार में विशेष यातायात डायवर्जन योजना लागू की गई थी। देशरक्षक तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वाहनों को निर्धारित मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेज रहे थे। इसी दौरान एक ऑडी कार वहां पहुंची। पुलिस द्वारा डायवर्जन का पालन करने का अनुरोध किए जाने पर कार में सवार दो पुरुष और एक महिला ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित कथित रूप से पुलिस को धमकी देते हुए वहां से चले गए।
बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए श्यामपुर क्षेत्र में ऑडी कार संख्या को रोककर सीज कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित