कन्नौज , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात पुलिस वाहन से ब्रेजा कार की टक्कर के बाद कार से करीब 10 किलोग्राम वजन की सोने की 10 ईंटें बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की सूचना जीएसटी विभाग को दी गई है।
पुलिस के अनुसार सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह शुक्रवार रात करीब दो बजे कांवड़ यात्रा ड्यूटी से लौट रहे थे। उनके साथ पुलिसकर्मी योगेंद्र कुमार, मोहन दिवाकर और महिला सिपाही रितुचाह मौजूद थीं, जबकि पुलिस वाहन सिपाही लोकेंद्र सिंह चला रहे थे।
पुलिस टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर निकवा गांव के पास किलोमीटर संख्या 171 पर पहुंची थी। इसी दौरान सामने से आ रही ब्रेजा कार से पुलिस वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिसकर्मियों ने कार सवार दोनों युवकों से हादसे के संबंध में पूछताछ की। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में रखे काले रंग के बैग से सोने की 10 ईंटें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक बरामद सोने का कुल वजन करीब 10 किलोग्राम है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में दोनों युवक बरामद सोने के संबंध में संतोषजनक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। हिरासत में लिए गए युवकों में एक महराजगंज का निवासी और दूसरा नेपाल का बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
मामले की जानकारी जीएसटी विभाग को दिए जाने के बाद टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बरामद सोने और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और जीएसटी विभाग की जांच के बाद ही सोने के स्रोत, स्वामित्व और वैधता की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है। बरामद सोने की कीमत और आगे की वैधानिक कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित