पटना , मई 28 -- िहार में पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक आधुनिक, तेज और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय गृह सचिव के निर्देश पर गुरुवार)को गृह विभाग में सचिव कुंदन कुमार की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ईआरएसएस योजना, थानों में सीसीटीवी स्थापना, सीसीटीएनएस तथा पुलिस मुख्यालय से संबंधित लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

गृह सचिव ने ईआरएसएस यानी डायल-112 की कार्यप्रणाली को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)एवं तकनीकी नवाचारों के माध्यम से अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही ईआरएसएस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से संबंधित कर्मियों के नियमित प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया गया।

गृह सचिव ने अधिकारियों से विभागीय प्रस्तुतियों एवं आधिकारिक कार्यों में राष्ट्रभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का भी आह्वान किया। साथ ही पुलिस मुख्यालय में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिये संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (वायरलेस) अमित लोढ़ा, अपर पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) अजिताभ कुमार,अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) पारस नाथ, गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, विशेष सचिव सह निदेशक, अभियोजन सुधांशु कुमार चौबे, संयुक्त सचिव कमल नयन तथा अमलेंदु कुमार सहित पुलिस मुख्यालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित