सागर , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में बंडा जहरीली शराब कांड के फरार आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवांजय राजपूत पिता धर्मेन्द्र राजपूत निवासी ग्राम छापरी, थाना बंडा, घटना के बाद से फरार था। वह पूर्व से शराब तस्करी में लिप्त बताया गया है और उसके विरुद्ध तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी थाना बहरोल क्षेत्र में कठुआ नाला के पास जंगल से होते हुए धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग की ओर से अपने घर छापरी जाने की संभावना है।
सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम ने पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह तथा आसपास के थाना प्रभारियों को आवश्यक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह और थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और संभावित स्थान की चारों ओर से घेराबंदी कर सघन तलाशी शुरू की।
पुलिस के अनुसार घेराबंदी और तलाशी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। उसने पुलिस टीम को लक्ष्य कर तीन फायर किए। पुलिस टीम ने अपनी सुरक्षा एवं आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को सुरक्षित रूप से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित