जालौन , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में गुरुवार को कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, 9500 रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 अक्टूबर को जालौन कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम जालौन-कोंच संपर्क मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर डी.डी. मेमोरियल स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आजाद खां पुत्र कल्लू खां, निवासी मोहल्ला दलेल नगर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में की है। उसके पास से एक अवैध असलहा, उसमें फंसा एक जिंदा कारतूस, दो अन्य जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने 30 अगस्त 2026 को जालौन कोतवाली क्षेत्र में बस में बैठी महिला के नकदी और जेवरात चोरी करने की घटना स्वीकार की है। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 195/26 दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित