मिर्जापुर , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के दादर पहाड़ी पर मंगलवार तड़के हुयी मुठभेड़ में एक गौ तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया तथा दो अन्य गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना विंध्याचल पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है । आज तड़के थाना विंध्याचल पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि पिकअप वाहन से गो-वंश ले जाया जा रहा है। थाना विंध्याचल पुलिस टीम द्वारा गैपुरा से पिकअप वाहन का पीछा किया गया तो अभियुक्तगण लालगंज की तरफ भागे ।
वाहन को प्रभारी निरीक्षक थाना विन्ध्याचल, चौकी प्रभारी गैपुरा व अष्टभुजा मय पुलिस टीम के साथ लालगंज रोड पर दादर पहाड़ी के पास घेराबन्दी की गयी तो अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर जान मारने की नियत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया गया परन्तु पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी सीमित कार्यवाही की गयी, जिसमें एक गो-तस्कर को गोली लगने से घायल हो गया। इसके साथ दो अन्य गो-तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया ।
घायल अभियुक्त ने अपना नाम रोहित यादव पुत्र राजेन्द्र यादव निवासी बलौनी खुर्द पोस्ट बसिला थाना चन्दौली जनपद चन्दौली बताया तथा अन्य अभियुक्तों द्वारा अपना नाम पता अशोक यादव पुत्र रामाश्रय यादव निवासी ग्राम डोहिल थाना चंदौली जनपद चंदौली तथा राजीव तिवारी पुत्र आसाराम तिवारी निवासी नौगांव देवीपुर पोस्ट नदिनी थाना विन्ध्याचल जनपद मीरजापुर बताया गया। इनकी तलाशी ली गयी तो घटना में प्रयुक्त 01 अदद देशी तमंचा .315 बोर मय 01 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस .315 बोर, तथा अन्य के कब्जे से पिकअप वाहन तथा वध हेतु ले जाए जा रहे कुल पांच गो-वंश बरामद किये गये। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में इलाज हेतु अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उसकी स्थिति सामान्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित