नोएडा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के फेस वन थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई उन्होंने बताया कि 23 और 24 मई की दरम्यानी रात अभियुक्त हरनाम सिंह ने एक ही परिवार सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और उनकी दो बेटियों पर सोते समय धारदार हथियार से हमला कर दिया था।
हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान संजू देवी की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद थाना फेस वन पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमों का गठन किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस ने 25 मई को फेस वन थाना पुलिस की सेक्टर-14 गंदे नाले की पटरी के पास आरोपी से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी हरनाम सिंह पुत्र माखन लाल निवासी ग्राम मगरासा थाना भूता, बरेली हाल निवासी हरौला थानाघायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक छुरा, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फेस वन थाना में उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आबकारी एक्ट तथा थाना नॉलेज पार्क में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित