पटना , मई 27 -- बिहार में पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया तथा एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि आज मसौढ़ी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अपराधी सोना-चांदी की दुकान में लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने अपराधियों की लोकेशन मिलने के बाद छापेमारी शुरू की। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। अपराधियों की गोली पुलिस वाहन में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने संयम और सतर्कता बरतते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई।घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्तौल , एक देशी कट्टा, चार कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों अपराधी 13 मई 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में सीएमएस कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर हुई लूट की घटना में भी शामिल थे। उस मामले का पटना पुलिस ने महज 36 घंटे में उद्भेदन करते हुए कई अपराधियों को गिरफ्तार किया था।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित