पटना , मार्च 12 -- बिहार पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2025 में यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों के आधार पर राज्य के सभी जिलों की प्रदर्शन रिपोर्ट तैयार कर रैंकिंग जारी की है, जिसमें सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बहाल करने में पूर्णिया, सारण, लखीसराय, कटिहार और शेखपुरा को शीर्ष पांच जिलों में स्थान मिला है।

इस संबंध में पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इन जिलों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने सराहनीय कार्य किया है, जिसके लिये उन्हें प्रशंसा का पात्र माना गया है।

वहीं, सूची में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों में सहरसा, मधुबनी, जहानाबाद, नालंदा और नवगछिया शामिल हैं। इन जिलों का प्रदर्शन औसत से भी कम पाया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने शेष 30 जिलों के यातायात पुलिस उपाधीक्षकों को अपने- अपने क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिये सख्त निर्देश जारी किये हैं।

यह रैंकिंग यातायात प्रबंधन में पुलिस की बदलती भूमिका को ध्यान में रखते हुये सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, नियमों के प्रभावी प्रवर्तन, दुर्घटना संबंधी आंकड़ों के संकलन और विश्लेषण, सड़क दुर्घटना पीड़ितों के नकद रहित उपचार और दावा भुगतान में सहयोग, जागरूकता अभियान और यातायात सर्वे के माध्यम से जाम और चोक प्वाइंट की पहचान जैसे मानकों के आधार पर तैयार की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित