भोपाल , जून 29 -- मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से सोमवार को नीदरलैंड के मुंबई स्थित कॉन्सुल जनरल नबील ताउआती ने पुलिस मुख्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जनसुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और जनजागरूकता अभियानों पर चर्चा हुई। बैठक में कॉन्सुल जनरल के साथ मुंबई के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार कौस्तुभ परिहार तथा कृषि सलाहकार प्रसाद पारते भी उपस्थित रहे।
पुलिस महानिदेशक ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी नवाचार तथा नागरिक केंद्रित पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यव्यापी 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के माध्यम से साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों से भी अवगत कराया।
उन्होंने 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रदेशभर में समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच जनसुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर सुरक्षा, जागरूकता अभियानों तथा आपसी सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान पर सकारात्मक चर्चा हुई। कॉन्सुल जनरल ने मध्यप्रदेश पुलिस के नवाचारों और जनजागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग एवं संवाद को और मजबूत बनाने की इच्छा व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित