बीकानेर , अप्रैल 02 -- राजस्थान के महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा गुरुवार को बीकानेर रेंज के दौरे पर रहे जहां उन्होंने पुलिस लाइन का सघन निरीक्षण करने के साथ ही नवनिर्मित बैरक का लोकार्पण किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दौरे की शुरुआत में श्री शर्मा ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां के विभिन्न प्रभागों, इनमें दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी लेते हुए संधारित हो रहे दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर शस्त्रागार और अन्य कक्षों को देखा। पुलिस लाइन मेस का निरीक्षण करके मेस में दी जाने वाली खुराक के बारे में पूछा और पोषक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मोटर शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की उपलब्धता और जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
श्री शर्मा ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण करते हुए स्मार्ट एवं हाईटेक पुलिसिंग के लिए पुलिसकर्मियों को अधिकाधिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय पुलिस कल्याण भंडार, अश्व बल, शस्त्र कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा एवं अन्य अधिकारियों ने जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस निदेशक (अपराध) बिपिन पांडे, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, उप महानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने बीकानेर में संवेदनशीलता की नजीर पेश करते हुए दो कांस्टेबल्स दौलत और प्रेमसिंह से 36 लाख 52 हजार रुपये की लागत से निर्मित बैरक का फीता कटवाया। नवनिर्मित बैरक का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भवन की गुणवत्ता की सराहना की और कहा कि जवानों के लिए आधुनिक आवास सुविधाएं उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पुलिस लाइन के निरीक्षण पश्चात श्री शर्मा ने पुलिस लाइन में आयोजित संपर्क सभा में रेंज के पुलिसकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने जवानों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। सभा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न कैडर जैसे एमटी, घुड़सवार और बैंड में पदोन्नति के अंतर को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति और भर्ती की प्रक्रिया समयबद्ध होगी ताकि जवानों को समय पर करियर विकास के समान अवसर प्राप्त हो सकें।
सीमावर्ती चुनौतियों पर चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पंजाब-हरियाणा सीमा और अंतरराष्ट्रीय सीमा की स्थिति को देखते हुए बीकानेर रेंज के पुलिसकर्मियों को अधिक सक्रिय और सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और साइबर अपराध को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताया।
इस अवसर पर उन्होंने वृत्त स्तर पर साइबर प्रशिक्षण आयोजित करने और अधिकारियों की कुशलता बढ़ाने पर विशेष बल दिया, ताकि तकनीकी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित