जयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने दो पुलिस कांस्टेबलों का सेवानिवृत होने पर मंगलवार को उन्हें सम्मानित किया।
श्री शर्मा ने जयपुर आयुक्तालय में तैनात कांस्टेबल नन्दकिशोर मीणा और कैलाश चन्द के अपनी पूरी सेवा एक ही पद पर समर्पित कर सेवानिवृत्त होने पर संवेदनशीलता की नयी मिसाल पेश करते हुए अवकाश के बावजूद उन्हें पुलिस मुख्यालय में अपने कक्ष में आमंत्रित कर सम्मानित किया।
उन्होंने सेवानिवृत्ति पर दोनों जवानों की कर्तव्यनिष्ठा के मद्देनजर उन्हें विभाग की ओर से स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दोनों कांस्टेबल अपनी पूरी सेवा एक ही पद पर समर्पित कर सेवानिवृत्त हुए है और पुलिस सेवा में समर्पण और निष्ठा का एक भावुक दृश्य देखने को मिला जब उन्हें सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेश के इस कदम की महकमे में काफी सराहना हो रही है और अधीनस्थ कर्मचारियों का कहना है कि मुखिया द्वारा दिया गया यह सम्मान न केवल इन दोनों के लिए यादगार है बल्कि पूरी फोर्स के मनोबल को बढ़ाने वाला है। इस अवसर पर पुलिस महानिरीखक कुंवर राष्ट्रदीप सहित मुख्यालय के कार्मिक मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित