भिण्ड , जून 28 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के फूप थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षण के दौरान अनफिट घोषित किए गए एक युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रानी बिरगवां गांव निवासी 22 वर्षीय अजय बघेल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात वह परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद रोशनदान से देखने पर वह फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार अजय लंबे समय से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। लगभग तीन माह पहले वह भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुआ था, लेकिन शारीरिक परीक्षण में अनफिट घोषित किए जाने के बाद से वह निराश और मानसिक तनाव में रहने लगा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित