जम्मू , सितंबर 04 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने शुक्रवार को सांबा ज़िले के घगवाल थाना क्षेत्र में आने वाले सीमावर्ती इलाकों में एक संयुक्त 'तलाश-कम-क्षेत्र प्रभुत्व (तलाशी और इलाके पर पकड़ बनाने का) अभियान चलाया जिसका उद्देश्य इलाके पर पकड़ मज़बूत करने, चौकसी बढ़ाने और स्थानीय लोगों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अभ्यास रीगल गांव से शुरू हुआ और चिलरियन, नडाला और प्लोरा तक के इलाकों तक पहुंचा। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने चिह्नित रास्तों और संवेदनशील इलाकों में सघन जांच और इलाके पर पकड़ बनाने का काम किया। इस दौरान एक अहम जगह पर संयुक्त विशेष नाका लगाया गया। पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने नाके पर तैनाती की और गाड़ियों एवं उनमें सवार लोगों की बारीकी से जांच की, साथ ही पूरे अभ्यास के दौरान पूरी सतर्कता बरती गयी।

इस अभ्यास के तहत, पुलिसकर्मियों ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और उन्हें सुरक्षा बनाये रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में सामुदायिक भागीदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया। स्थानीय लोगों को सांबा पुलिस (जिसमें पीसीआर सांबा और एसओजी सांबा शामिल हैं) के संपर्क नंबर प्रदान किये गये और उन्हें सलाह दी गयी कि वे अपने-अपने इलाकों में संदिग्ध लोगों, गतिविधियों, वाहनों या किसी भी अन्य असामान्य बातों की तुरंत जानकारी दें।

सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह संयुक्त अभियान सुरक्षा तैयारियों को बेहतर बनाने, अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करने, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के लिए चलाया गया। उन्होंने लोगों को यह भी भरोसा दिलाया कि उनसे प्राप्त हर विश्वसनीय जानकारी की तुरंत जांच करने के साथ ही उस पर उचित कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित