नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने परीक्षा व्यवस्था में धांधली के खिलाफ आवाज उठाने पर पुलिस कार्रवाई में घायल हुए बिहार के छात्रों और युवाओं से मुलाकात कर पीड़ित छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला किया है।

श्री गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि वह बिहार के उन छात्रों और युवाओं से मिले, जिन्होंने सिर्फ परीक्षा व्यवस्था में धांधली के खिलाफ आवाज उठाने पर भयंकर पुलिस बर्बरता झेली।

उन्होंने कहा "पुलिस की लाठियों, एके-47 और पिस्तौल से चली गोलियों ने कई छात्रों को घायल किया गया। सेना में जाकर देश की सेवा करने की ख्वाहिश रखने वाले एक युवा का पैर एके-47 की गोली से तोड़ दिया गया और इसके साथ ही उसकी जिंदगी का सपना भी टूट गया। ये युवा सिर्फ निष्पक्ष अवसर, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और अपने अधिकार मांग रहे थे। ऐसी मांग पर लाठियां और गोलियां चलाने की क्या जरूरत थी। इतनी बड़ी बर्बरता की जिम्मेदारी सिर्फ कुछ छोटे अधिकारियों पर डालकर सरकार बच नहीं सकती। यह कार्रवाई या तो ऊपर के आदेश का नतीजा है या फिर सत्ता की घोर नाकामी।"श्री गांधी ने कहा कि बिहार सरकार कुछ भी कर ले, वह इन युवाओं के साथ खड़े हैं और उनकी हरसंभव मदद करने को तैयार हैं। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं की आवाज दबाने वाली हर सत्ता को एक दिन जनता के सामने जवाब देना पड़ता है और वह दिन अब दूर नहीं है।

इसके साथ ही श्री गांधी ने पीड़ित छात्रों और युवाओं के साथ खींची गई अपनी दो तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं जिनमें वह इन युवाओं के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित