अमृतसर , सितंबर 04 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस प्रताड़ना के शिकार संगरूर जिले के गांव शेरों निवासी सिख युवक मोहनजीत सिंह से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य का हाल जाना। प्रतिनिधिमंडल ने युवक को हरसंभव सहयोग देने तथा उसके उपचार और जरूरत पड़ने पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल में महासचिव शेर सिंह मंडवाला, मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण, अंतरिम समिति के सदस्य गुरप्रीत सिंह झब्बर और सचिव बलविंदर सिंह काहलवां शामिल थे।
एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले मोहनजीत सिंह को कथित तौर पर पुलिस अधिकारियों की प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक के केशों और ककारों की भी बेअदबी की, जो बेहद गंभीर मामला है और इसके लिए जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी अध्यक्ष के निर्देश पर पीड़ित युवक से मुलाकात कर उसे हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है। युवक का उपचार एसजीपीसी की ओर से करवाया जाएगा तथा आवश्यकता के अनुसार आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
श्री मन्नण के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मोहनजीत सिंह ने केशों और ककारोंकी बेअदबी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पंथक परंपराओं के अनुसार कार्रवाई करने के लिएश्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज से भी अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित