देहरादून , मई 03 -- उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल रविवार को पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत सतपुली में पुलिस प्रताड़ना के कारण आत्महत्या करने वाले युवक पंकज कुमार के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उसके घर पहुंचे।

श्री गोदियाल ने ग्राम रैतपुर में मृतक युवक पंकज कुमार के परिजनों को सांत्वना देते हुए स्थानीय पुलिस से मामले की सम्पूर्ण जानकारी ली। साथ ही, मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराने एवं पीडित परिवार को न्याय दिये जाने की मांग की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों तथा परिजनों से मुलाकात के उपरान्त मुख्यमंत्री को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम रैतपुर, सतपुली क्षेत्र के एक युवक द्वारा कथित रूप से पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर लेने का अत्यंत गंभीर और दुःखद मामला सामने आया है। यह घटना न केवल मानवीय दृष्टि से पीड़ादायक है, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनता एवं मृतक के परिजनों से मिली जानकारी तथा सोशल मीडिया में वायरल हो रहे मृतक के मौत से पहले जारी की गई वीडियो क्लिपिंग के अनुसार, मृतक युवक की वाईक दुर्घटना में एक व्यक्ति से हुई टक्कर के चलते पुलिस द्वारा युवक को थाने ले जाकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसे यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। यदि यह आरोप सत्य हैं, तो यह अत्यंत निंदनीय है, और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अस्वीकार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित