रुद्रपुर , मार्च 12 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में घरेलू गैस (एलपीजी) की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में तय किया गया कि गैस की आपूर्ति और वितरण अब पुलिस की निगरानी में कराया जाएगा। इसके लिए गैस गोदामों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि वितरण के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या कालाबाजारी न हो सके।
एसएसपी गणपति ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रत्येक क्षेत्र में एक त्वरित कार्यवाही दल (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। इस टीम में उप जिलाधिकारी (अध्यक्ष), पुलिस क्षेत्राधिकारी, खाद्य विभाग के अधिकारी और नगर निकाय के अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम गैस एजेंसियों और गोदामों का नियमित व आकस्मिक निरीक्षण करेगी।
प्रशासन ने गैस गोदामों पर सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की है। प्रत्येक गोदाम पर एक पुलिस कर्मी के साथ राजस्व कर्मी/पटवारी की तैनाती की जाएगी, जो दो पालियों में ही गैस की आमद और वितरण करायेंगे।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर गैस की किल्लत या वितरण को लेकर भ्रम और अफवाह फैलाने वालों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित